रविवार, 13 अक्तूबर 2019

फिल्म निर्देशक  प्रियदर्शन को दिया गया राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान 

फिल्म निर्देशक  प्रियदर्शन को दिया गया राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान 



खण्डवा , संजय चौबे ।  देश के जाने माने पार्श्व गायक स्व. किशोर कुमार की पुण्य तिथि के अवसर पर रविवार को प्रदेश की संस्कृति मंत्री डॉ. विजय लक्ष्मी साधौ ने सुप्रसिद्ध फिल्म निदेशक श्री प्रियदर्शन को राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान 2017 प्रदान किया। इस अवसर पर स्व. किशोर कुमार के यादगार गीतों की प्रस्तुति मुम्बई के कलाकार श्री रविन्द्र शिंदे व उनकी टीम द्वारा दी गई। स्थानीय पुलिस परेड ग्राउण्ड पर आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन सिंह, संस्कृति विभाग की उप सचिव सुश्री प्रज्ञा अवस्थी, कांग्रेस नेता श्री कुन्दन मालवीय व श्री परमजीत सिंह नारंग सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि व अधिकारीगण मौजूद थे। 
संस्कृति मंत्री डॉ. साधौ ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 1997 में उनकी पहल पर निमाड़ के गौरव एवं जाने माने पार्श्व गायक स्व. किशोर कुमार के नाम पर राष्ट्रीय सम्मान देने की घोषणा प्रदेश सरकार ने की थी, तब 1 लाख रूपये का यह सम्मान दिया जाता था। वर्तमान में सम्मान राशि बढ़ाकर 2 लाख रूपये कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सांस्कृतिक विविधताओं के लिए जाना जाता है। प्रदेश में हर 100-50 किलोमीटर अलग तरह की संस्कृति व रीतिरिवाज प्रचलित है। वर्तमान पीढ़ी का दायित्व है कि आने वाली पीढ़ी को अपने क्षेत्र की संस्कृति के बारे में बताएं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 का राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री बहीदा रहमान को दिया जायेगा। स्वास्थ्य संबंधी कारणों से वे खण्डवा नही आ सकी है, इसलिए उनके मुम्बई स्थित निवास पर यह सम्मान उन्हें प्रदान किया जायेगा। 
फिल्म निर्देशक श्री प्रियदर्शन ने अपने संबोधन में किशोर कुमार राष्ट्रीय सम्मान के लिए उनके चयन हेतु मध्यप्रदेश सरकार को धन्यवाद दिया। श्री प्रियदर्शन ने कहा कि बचपन से ही स्व. किशोर कुमार उनके पसंदीदा गायक रहे है, आज उनके नाम का राष्ट्रीय सम्मान पाकर वे गौरवान्वित महसूस कर रहे है। संस्कृति विभाग की उपसचिव सुश्री प्रज्ञा अवस्थी ने इससे पूर्व श्री प्रियदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र का वाचन किया और बताया कि श्री प्रियदर्शन ने पहली फिल्म वर्ष 1984 में निर्देशित की थी, तब से अब तक तमिल, तेलगू, मलियालम व हिन्दी की 100 से अधिक फिल्मों का निर्देशन वे कर चुके है। 
उल्लेखनीय है कि संस्कृति विभाग द्वारा दिये जाने वाला राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान वर्ष 1997 में फिल्म निर्देशक हृषिकेश मुखर्जी को दिया गया था। इसके बाद वर्ष 1998 में अभिनेता नसरूद्दीन शाह, 1999 में पटकथा लेखक गुलजार, सन 2000 में गीतकार केफी आजमीन, 2001 में फिल्म निर्देशक बी.आर. चौपड़ा, 2002 में फिल्म अभिनेता अभिताभ बच्चन, 2003 में गोविन्द नेहलानी, 2004 में गीतकार जावेद अख्तर, 2005 में गीतकार श्याम बेनेगल, 2006 में अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा, 2007 में अभिनेता मनोज कुमार, 2008 में गीतकार गुलशन बावरा, 2009 में फिल्म निर्देशक यश चौपड़ा, 2010 में अभिनेता देवानंद, 2011 में पटकथा के लिए सलीम खान, 2012 में गीतकार समीर, 2013 में निर्देशन के लिए सई परांजपे, 2014 में फिल्म अभिनेता दिलीप कुमार, 2015 में पटकथा के लिए रूमी जाफरी, 2016 में गीतकार योगेश तथा वर्ष 2017 के लिए फिल्म निर्देशक प्रियदर्शन को यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया।


भाजपा ने जारी की बुरहानपुर के 45 वार्ड प्रत्याशियों की सूची,3 को रखा होल्ड पर

बुरहानपुर (इक़बाल अंसारी) भारतीय जनता पार्टी संभागीय कार्यालय इन्दौर की संभागीय चयन समिति के संयोजक श्री मधु वर्मा एवं श्री गजेंद्र पटेल के ...