बुधवार, 27 नवंबर 2019

21 फीट ऊंची पद्मासन मुद्रा की प्रतिमा में प्राण प्रतिष्ठा करने के लिए किए जा रहे पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव

21 फीट ऊंची पद्मासन मुद्रा की प्रतिमा में प्राण प्रतिष्ठा करने के लिए किए जा रहे पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव


खिरकिया।शहर में दिगम्बर जैन समाज द्वारा पंचकल्याणक महोत्सव मनाया जा रहा है।बुधवार को पंचकल्याणक महोत्सव के चौथे दिन भगवान ऋषभदेव का जन्मोत्सव सुबह ठीक 6.40 बजे ढोल नगाड़ों, झांझ मंझीरे, शंख ध्वनि, जयघोष के बीच मनाया गया।मुनि श्री अजितसागर जी, मुनि श्री निर्लोभसागर जी, मुनि श्री निर्दोषसागर जी, एलक श्री दयासागर जी और एलक श्री विवेकानंद सागरजी महाराज की मंगल उपस्थिति एवं प्रतिष्ठाचार्य विनय भैयाजी के मार्गदर्शन में भक्तों द्वारा धूमधाम से मनाया गया।



कार्यक्रम स्थल का नामकरण अयोध्या किया गया।वहीं भगवान की शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गो से होकर बैंड बाजों के साथ हाथी घोडों पर सवार होकर निकाली गई।जिसका कस्बावासियों ने पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया। जिसमें दूर दराज के क्षेत्रों से पधारे जैन समुदाय के लोगों ने भाग लिया और नृत्य करते हुए भगवान आदिनाथ के समक्ष हाजरी लगाई।कॉलेज रोड पर नवनिर्मित दिगम्बर जैन मंदिर में स्थित भगवान पार्श्वनाथ की 21 फीट ऊंची पद्मासन मुद्रा की प्रतिमा में प्राण प्रतिष्ठा करने के लिए किए जा रहे पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में प्रातः से ही नित्यमहाभिषेक, शांतिधारा, पूजन, तीर्थंकर बालक का जन्म, अयोध्या नगरी में बधाईयां, भक्ति नृत्य सहित सौधर्म इंद्र द्वारा अयोध्या नगरी की तीन परिक्रमा, अयोध्या नगर में प्रवेश, ऐरावत हाथी पर बैठाकर की ओर प्रस्थान एवं 108 कलशों द्वारा अभिषेक करते हुए विभिन्न कार्यक्रम सम्पन्न कराए गए। जिसके तहत कार्यक्रम स्थल से भगवान आदिनाथ की शोभायात्रा कस्बे के विभिन्न मार्गो से होकर बैंड बाजों के साथ हाथी घोडो पर सवार होकर निकाली गई। जिसमें अग्रवाहक के रूप में पताका लिए भक्त जय जिनेंद्र के जयघोष करते चल रहे थे तो दूसरी ओर ऐरावत हाथी पर बैठे सौधर्म इंद्र,बग्घी में सवार कुबेर, पालकी में सवार अन्य इंद्र इंद्राणियों के अलावा पैदल चल रहे पुरुषों और महिलाएं बधाइयां बांटते हुए नृत्य करते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा कार्यक्रम स्थल से प्रारंभ होकर रेलवे फाटक से वापिस पीपल चौराहा, मेन रोड होते हुए मंडी दफ्तर से वापिस कार्यक्रम स्थल पहुॅची। पंचकल्याणक महोत्सव कार्यक्रम के तहत कस्बे में होकर निकाली गई शोभायात्रा में पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह संभाले रखा जिससे किसी को कोई परेशानी का सामना नही करना पडा।



 बुधवार को पंचकल्याणक महोत्सव के दौरान आयोजित कार्यक्रमों में जन्मोत्सव,इंद्रसभा एवं राजदरबार में इंद्राणियों द्वारा प्रथम दर्शन, इंद्र द्वारा सह साक्ष्य दर्शन, विशाल जन्माभिषेक जुलूस, पांडुक शिला पर जन्माभिषेक हुआ।शाम को सौधर्म इंद्र का तांडव नृत्य का मंचन हुआ।रात्रि में आरती के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पालना, भगवान की बालक्रीड़ा का मंचन हुआ।


  



 आज के कार्यक्रम


आज गुरुवार को पंचकल्याणक महोत्सव के पांचवें दिन सुबह के सत्र में पात्र शुध्दि, अभिषेक, शांतिधारा, नित्यपूजन, शांति हवन, राजकुमार ऋषभदेव के पाणिग्रहण संस्कार की लीला का मंचन,दोपहर में राज्याभिषेक, भेंट समर्पण, महामंडलेश्वर नियुक्ति, सेनापति नियुक्ति, षट्कर्म उपदेश, दंडनीति, ब्राम्ही और सुंदरी को शिक्षा, नीलांजन नृत्य, लौकांतिक देवगमन, युवराज भरत और बाहुबली का राजतिलक, दीक्षाभिषेक, दीक्षाकल्याण संस्कार, रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम में चक्रवर्ती सम्राट भरत का राजदरबार का मंचन होगा।



 बुधवार की धर्मसभा में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों की उपस्थिति में मुनि श्री अजितसागर जी महाराज ने कहा कि शिक्षा वह है, जो शिष्टाचारी, क्षमावान,क्षमतावान बनाएं।शिक्षा हमें अधिकारी नहीं बल्कि आज्ञाकारी बनाएं।इस दौरान विद्यार्थियों को दृश्य एवं श्राव्य के माध्यम से मुनिश्री ने मैगी, नूडल्स, कैडबरी, डेयरीमिल्क,चिप्स पैकेट,डिब्बाबन्द खाद्य पदार्थ, बोतलबंद पानी आदि के दुष्प्रभावों सर अवगत कराते हुए इन्हें छोड़ने के लिए कहा।वहीं बच्चों को अपने माता पिता का आदर करने, बड़ो का सम्मान करने, मन लगाकर पढ़ाई करने और गुड टच-बेड टच के बारे में बताते हुए प्रभावी उपदेश दिया।


भाजपा ने जारी की बुरहानपुर के 45 वार्ड प्रत्याशियों की सूची,3 को रखा होल्ड पर

बुरहानपुर (इक़बाल अंसारी) भारतीय जनता पार्टी संभागीय कार्यालय इन्दौर की संभागीय चयन समिति के संयोजक श्री मधु वर्मा एवं श्री गजेंद्र पटेल के ...