शुक्रवार, 29 नवंबर 2019

एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता 9 दिसम्बर से राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों समेत शामिल होंगे 5000 प्रतिभागी 

 


 

भोपाल में 9 से 13 दिसम्बर तक एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ईआरएमएस) की अखिल भारतीय खेल-कूद प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। आदिम-जाति कल्याण विभाग द्वारा प्रतियोगिता की तैयारियाँ की जा रही हैं।


प्रतियोगिता का शुभारंभ 9 दिसम्बर को टी.टी. नगर स्टेडियम में होगा। उद्घाटन सत्र के बाद विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएँ भोपाल के अलग-अलग स्टेडियम में होंगी। प्रतियोगिताएँ टी.टी. नगर स्टेडियम, भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), मोतीलाल नेहरू स्टेडियम, एमबीएम कॉलेज ग्राउण्ड, मॉडल स्कूल ग्राउण्ड, नवीन कन्या विद्यालय, तुलसी नगर और प्रकाश तरुण पुष्कर में होंगी।


एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की अखिल भारतीय खेल-कूद प्रतियोगिता में 23 राज्यों के करीब 5 हजार खिलाड़ी, कोच और पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं। प्रतियोगिता 16 खेल विधाओं हॉकी, कुश्ती, फुटबाल, तीरंदाजी, व्हाली-बॉल, कबड्डी, खो-खो, हैण्ड-बॉल, तैराकी, बॉक्सिंग, बॉस्केट-बॉल, बेडमिंटन, ताईक्वांडो, टेबल-टेनिस और एथेलेटिक्स में होंगी।


अखिल भारतीय खेल-कूद प्रतियोगिता के लिये मध्यप्रदेश के 26 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के 555 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। आदिम-जाति कल्याण विभाग ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिये आवास, परिवहन, भोजन, खेल पंजीकरण, ऑब्जर्वेशन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, सुरक्षा और स्वच्छता समेत करीब 20 समितियों का गठन किया है। यह सभी समितियाँ आपस में समन्वय कायम कर तैयारियाँ कर रही हैं।


प्रतीक-चिन्ह एवं शुभंकर का अनावरण


मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने हाल ही में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों की राष्ट्रीय खेल-कूद प्रतियोगिता के प्रतीक चिह्न (लोगो) एवं शुभंकर (मेस्कॉट) का अनावरण किया है। प्रतियोगिता के लिए जारी प्रतीक-चिह्न महाभारत के पात्र एकलव्य की प्रतिकृति पर आधारित है। चित्र में एकलव्य, शक्ति, समर्पण, निष्ठा एवं निडरता को प्रदर्शित करता है। इसके आस-पास हरे रंग का गोल आवरण प्रकृति और पृथ्वी को इंगित करता है। यह प्रकृति को संरक्षित करने की भी प्रेरणा देता है। प्रतीक-चिह्न में अंकित पीला रंग खुशी, सकारात्मकता और ऊर्जा का प्रतीक है। एकलव्य राष्ट्रीय खेल-कूद प्रतियोगिता के लिए शुभंकर 'बाघ मुन्ना' है। बाघ राष्ट्रीय पशु भी है।


अपर आयुक्त आदिम-जाति कल्याण श्री ऋषि गर्ग ने आज परिवहन समिति, ईवेंट मैनेजमेंट के प्रतिनिधि और यातायात पुलिस के श्री मनोज शर्मा के साथ प्रतियोगिता के लिये वाहन पार्किंग स्थलों का जायजा लिया। मध्यप्रदेश टीम के लिये चयनित 555 छात्र-छात्राओं के लिये विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। चयनित खिलाड़ियों को नियमित रूप से पौष्टिक भोजन भी उपलब्ध कराया जा रहा है।


भाजपा ने जारी की बुरहानपुर के 45 वार्ड प्रत्याशियों की सूची,3 को रखा होल्ड पर

बुरहानपुर (इक़बाल अंसारी) भारतीय जनता पार्टी संभागीय कार्यालय इन्दौर की संभागीय चयन समिति के संयोजक श्री मधु वर्मा एवं श्री गजेंद्र पटेल के ...