बुधवार, 18 दिसंबर 2019

ओमप्रकाश पाटीदार को शिक्षा के क्षेत्र में सूचना संचार तकनीकी उपयोग के लिये मिलेगा राष्ट्रीय पुरस्कार ( खुशियों की दास्ताँ )

 
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण उत्पन्न करने में शिक्षक श्री पाटीदार सराहनीय योगदान दे रहे हैं
शाजापुर | 


 

     स्थानीय शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय शाजापुर में पदस्थ शिक्षक श्री ओमप्रकाश पाटीदार छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास और उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण उत्पन्न करने के लिए सराहनीय योगदान दे रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में सूचना संचार तकनीकी के उपयोग के लिए शिक्षक श्री पाटीदार को 23 दिसम्बर को मानव संसाधन विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा पुरूस्कृत किया जायेगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण 23 दिसम्बर 2019 को प्रातः 10.00 बजे से मानव संसाधन विकास मंत्रालय की वेबसाइट https://webcast.gov.in/mhrd/ पर किया जायेगा। 
     मानव संसाधन विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा वर्ष 2010 से राष्ट्रीय आईसीटी पुरस्कार देश भर के उन शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के लिए दिया जाता है, जिन्होंने विद्यालयी पाठ्यक्रम एवं विषय- शिक्षण प्रक्रिया को प्रभावशाली बनाने के लिए नवीन एकीकृत प्रौद्योगिकी का उपयोग कर विद्यार्थियों में आईसीटी के प्रति जिज्ञासा उत्पन्न की है, जिससे खोज आधारित सहायक और सहयोगपूर्ण शिक्षा को बढ़ावा दिया गया है। अब तक मध्यप्रदेश  से सिर्फ दो शिक्षको को यह पुरस्कार प्रदान किया गया है। 23 दिसंबर 2019 को यह पुरस्कार शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय शाजापुर के जीव विज्ञान शिक्षक श्री ओमप्रकाश पाटीदार को प्रदान किया जायेगा।

सूचना संचार तकनीकी के उपयोग से बच्चे घर बैठे सीख रहे हें विज्ञान

     आज के समय में हर कोई इन्टरनेट का उपयोग कर रहा है। जहां एक ओर सूचना संचार तकनीकी ने सम्पूर्ण विश्व में ज्ञान-विज्ञान को सुलभता से हर व्यक्ति की पहुँच में ला दिया है, वही दूसरी ओर इसके दुरूपयोग से भी इंकार नही किया जा सकता है। विशेषकर किशोर वर्ग के बालक-बालिकाओ द्वारा इसके गलत उपयोग की आशंकाओ को लेकर उनके पालकों को चिंतित कर दिया है। ऐसे में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय शाजापुर में उच्च माध्यमिक शिक्षक (जीव विज्ञान) के पद पर कार्यरत् श्री ओम प्रकाश पाटीदार द्वारा आधुनिक शिक्षा की रीढ़ सूचना संचार तकनिकी (आय.सी.टी.) का बेहतरीन उपयोग करते हुए विद्यालयीन बच्चों के साथ-साथ आम नागरिकों एवं शिक्षकों को घर बैठे विज्ञान से जुड़ी मूलभूत नीत-नयी जानकारियाँ प्रदान की जा रही है। शिक्षक पाटीदार द्वारा सोशल मीडिया से शिक्षा की अवधारणा पर कार्य करते हुए अनेक कार्य किये जा रहे है। उनके द्वारा उपलब्ध करवाए जा रहे शैक्षणिक संसाधन विद्यालयीन छात्र-छात्राओं के साथ साथ सभी के लिए सहज सुलभ एवं निशुल्क उपलब्ध है।

सोशल मीडिया पर उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों पर एक नजर
     विज्ञान ब्लाग ''वैज्ञानिक दृष्टिकोण''- इन्टनेट ब्राउजर पर 

   https:// www.myscience-mysociety.blogspot.com पर दैनिक जीवन से जुड़े 300 से अधिक विषयों पर ज्ञानवर्धक एवं रोचक जानकारी उपलब्ध है। इन विषयों को देश-विदेश के तीन लाख से अधिक पाठको द्वारा पढ़ा जाता है। इन विषयों में एक विषय पर केन्द्रित सामग्री को प्रतिदिन सोशल मिडिया पर शेयर किया जाता है।
     फेसबुक ग्रुप ''विज्ञान एवं समाज''-  फेसबुक पर "Science for Society" पर 3500 से अधिक पाठकों का समूह संचालित किया जा रहा है। इस समूह में प्रतिदिन विज्ञान एवं समाज से जुड़े विषयों पर शैक्षिक एवं रौचक जानकारी पोस्ट की जाती है।
     शैक्षणिक सामग्री के सरलीकरण के वीडियो- एन.सी.ई.आर.टी. के क्षैत्रीय शिक्षा संस्थान भोपाल द्वारा शिक्षक द्वारा विज्ञान गतिविधि 'क्रोमेटोग्राफी' की रिकार्डिंग की गयी है, जिसे शैक्षणिक प्रसारणों के दौरान प्रसारित किया जायेगा। इसी प्रकार के वीडियो को यू-ट्यूब पर अपलोड किया जा रहा है।
     विज्ञान अवधारणा विकास कार्यक्रम- विद्यालय में संचालित विपनेट विज्ञान क्लब के माध्यम से माध्यमिक स्तर पर सरल प्रयोगों द्वारा बच्चों को विज्ञान की अवधारणाए समझाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम के अन्तर्गत कम्प्यूटर एवं प्रोजेक्टर के माध्यम से शैक्षणिक सामग्री का प्रसारण एवं प्रदर्शन किया जा रहा है।



भाजपा ने जारी की बुरहानपुर के 45 वार्ड प्रत्याशियों की सूची,3 को रखा होल्ड पर

बुरहानपुर (इक़बाल अंसारी) भारतीय जनता पार्टी संभागीय कार्यालय इन्दौर की संभागीय चयन समिति के संयोजक श्री मधु वर्मा एवं श्री गजेंद्र पटेल के ...